एकता कपूर ने शेयर किया स्मृति ईरानी का 22 साल पुराना वीडियो, देखते ही देखते हो गया वायरल
कृपया शेयर करें ताकि अधिक लोग लाभ उठा सकें

Ekta Kapoor shares a throwback video of Smriti Irani

मुंबई, 26 जून। यह तो सभी जानते हैं कि दिग्गज टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दोनों पुरानी दोस्त हैं और समय समय पर वे दोनों एक दूसरे की तारीफ में पुल बांधती रहती हैं। लेकिन अभी एकता कपूर ने स्मृति इरानी का एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है।

यह वीडियो 22 साल पुराना है, जब स्मृति ईरानी ने मिस इंडिया प्रतियोगिता 1998 में भाग लिया था। इस वीडियो को शेयर करते हुए एकता ने स्मृति के हार्डवर्क की सराहना की और कहा कि भले ही उन्होंने मिस इंडिया का खिताब नहीं जीता, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और बाद में तुलसी विरानी के रूप में घर घर में जाना पहचाना नाम बन गईं।

एकता कपूर ने अपने पोस्ट में लिखा है कि स्मृति, जो एक शर्मीली लड़की थी, अब एक शक्तिशाली और विनम्र राजनीतिज्ञ बनकर उभरी हैं। उन्होंने एक उदाहरण भी दिया कि कैसे स्मृति ने टेलीविजन उद्योग से जु़ड़ी अपनी एक पुरानी सहयोगी की मदद की, हालांकि अब वह उनके संपर्क में भी नहीं थीं।

जानिए, क्या-क्या लिखा है एकता कपूर ने?

एकता ने वीडियो शेयर करते हुए स्मृति इरानी के बारे में कुछ यूं लिखा- “यह पोस्ट मेरी दोस्त स्मृति ईरानी की प्रशंसा में, जिनकी शुरुआत मिस इंडिया प्रतियोगिता नहीं जीत पाने से हुई, लेकिन जल्दी ही वह घर-घर में जाना पहचाना नाम बन गईं। यह उन लोगों के लिए है, जो सोचते हैं कि सफलता आसान है… यह कठिन है, लेकिन यह उन लोगों के लिए आती है जो कड़ी मेहनत करते हैं। स्मृति एक घरेलू नाम बन गईं, आज एक मंत्री हैं। उनका पूरा व्यक्तित्व एक शक्तिशाली किंतु विनम्र राजनेता में बदल गया है। लेकिन जब उन्होंने शुरुआत की, तो वह एक नम्र, शर्मीली, सरल लड़की थी। जब वह बालाजी में आईं… तभी हमें पता चल गया था कि उनकी मुस्कान दिल जीत लेगी। हाल ही में, उनके एक सहयोगी, जिसके साथ वह संपर्क में भी नहीं हैं, ने उन्हें मदद के लिए कॉल की। इसके बाद उन्होंने तुरंत उसकी मदद की। यह दिखाता है कि आज भी वह उन लोगों के साथ संबंध बनाए रखती हैं, जिनके साथ कभी भी उन्होंने काम किया है। यह विनम्रता और जड़ों से लगाव, उन्हें एक शानदार इंसान बनाता है। मुझे आप पर बहुत गर्व है दोस्त!”

एकता कपूर का यह पोस्ट आप यहां देख सकते हैं-

https://www.instagram.com/p/CB5Bqh2g66R/

आपको बता दें कि एकता कपूर जहां टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी मानी प्रोड्यूसर हैं। वहीं स्मृति इस समय अमेठी से सांसद हैं और नरेंद्र मोदी कैबिनेट में केंद्रीय कपड़ा और महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं। वह मानव संसाधन विकास मंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री भी रह चुकी हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में उन्होंने राहुल गांधी को हराया था।



error: Content is protected !!